इंदौर आया अमेरिकी युवक भी लॉक डाउन में फंसा, दो घंटे में मिला पास

चोरल के आश्रम में फंसी जर्मनी और नीदरलैंड्स की महिलाओं के दिल्ली रवाना होने के अगले ही दिन शहर में अमेरिका के युवक एलेक्स के भी होने का मामला सामने आया। वह भी लॉकडाउन के दिन से वापस जाने के लिए प्रयासरत था, लेकिन कर्फ्यू पास नहीं होने के कारण होटल में ही रह रहा था। एलेक्स ने बताया- मैं बाइक से भारत घूमने के लिए सितंबर में आया था। दक्षिण भारत जाने से पहले कुछ दिन इंदौर में बिताना चाहता था। इस बीच लॉकडाउन हो गया। यूएस दूतावास से पता चला कि बुधवार को एक विशेष विमान अमेरिका के लोगों को ले जाने के लिए मुंबई से उड़ेगा। मुंबई तक जाने के लिए कुछ दिनों से ई-पास हासिल करने का प्रयास कर रहा था। एक सरकारी अधिकारी की मदद से मैंने ई-पास के लिए फिर से आवेदन किया और दो घंटे में पास मिल गया। मंगलवार सुबह मैं अपनी बाइक से मुंबई के लिए निकलूंगा। एलेक्स की मदद करने वाले सरकारी अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया- भास्कर में खबर पढ़ने के बाद मैंने ई-पास हासिल करने की सही लिंक और भोपाल के अधिकारियों की जानकारी निकाली। फोन पर उनसे मदद मांगी। थोड़ी देर में पास मिल गया। अधिकारी के अनुसार इसके पहले भी शहर से दो महिलाएं अमेरिका जा चुकी हैं। उनमें एक करीब 75 वर्ष की वृद्धा थी और एक महिला जिनके साथ छोटा बच्चा भी था।